मुंह से लिखकर 93.8% लाने वाले फैजान की पढ़ाई में मदद करेंगे प्रदीप यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोड्डा |24 अप्रैल 2026


सेरेब्रल पॉल्सी से जूझते हुए रचा इतिहास, 469 अंक लाकर झारखंड का बढ़ाया मान

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की मैट्रिक परीक्षा में मुंह से लिखकर 500 में से 469 अंक हासिल करने वाले फैजानुल्लाह की असाधारण सफलता अब पूरे राज्य में प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

गोड्डा जिले के शिवाजी नगर निवासी फैजानुल्लाह सेरेब्रल पॉल्सी जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं और 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं। वह अपने हाथों से लिख पाने में असमर्थ हैं, इसलिए दांत में कलम दबाकर परीक्षा लिखते हैं।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रभावित होकर पौड़ेयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने उनकी आगे की पढ़ाई में हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

प्रदीप यादव ने कहा कि फैजान ने 93.8 प्रतिशत अंक लाकर ना केवल गोड्डा बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि “अगर हौसला मजबूत हो तो शारीरिक बाधाएं कभी भी सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकतीं।”

फैजान की सफलता के पीछे उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षक जितेंद्र कुमार भगत की मेहनत भी शामिल है, जो घर जाकर नियमित रूप से उन्हें पढ़ाते रहे। शारीरिक अक्षमता के कारण फैजान स्कूल नहीं जा पाते थे, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखी।

फैजानुल्लाह का सपना झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा पास कर डिप्टी कलेक्टर बनने का है। उनके पिता अनवर अली ने कहा कि बेटे की पढ़ाई के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जमीन या घर ही क्यों न बेचना पड़े।

गौरतलब है कि दिव्यांग श्रेणी में झारखंड टॉप करने वाले फैजान पिछले 25 वर्षों में ऐसा करने वाले पहले छात्र बने हैं।

और पढ़ें