झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम, ABDM कार्यशाला में कई अहम पहल शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


रांची। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को चाणक्य बीएनआर होटल, रांची में किया गया। कार्यशाला में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने, अस्पतालों को ABDM प्लेटफॉर्म से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव Ajay Kumar Singh ने कहा कि झारखंड डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में शुरू हुई इस पहल के तहत राज्य के सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में HMIS लागू किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए BSNL के सहयोग से डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही राज्य और जिला स्तर पर एकीकृत डैशबोर्ड एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना है। टेली-आईसीयू और टेली-रेडियोलॉजी सेवाओं के विस्तार की भी जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Dr. Sunil Kumar Barnwal ने कहा कि डिजिटल हेल्थ मरीजों के सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि देशभर में 96 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंक किए जा चुके हैं और 87 करोड़ से अधिक ABHA ID बनाई गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए BSNL और C-DAC के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर तीन प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किए गए—

e-Sushrut Jharkhand Mobile App

ABDM Jharkhand की आधिकारिक वेबसाइट

BSNL Digital Swasthya Setu App


राज्य मिशन निदेशक ABDM विद्यानंद पंकज शर्मा ने कहा कि डिजिटल हेल्थ के जरिए मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित और सुगम होंगे, जिससे इलाज की प्रक्रिया और प्रभावी बनेगी।

कार्यक्रम में पिछले दो वर्षों में ABDM के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यशाला में सभी जिलों के सिविल सर्जन, स्वास्थ्य अधिकारी, आयुष्मान भारत के कर्मी और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave a Comment

और पढ़ें