तीनपहाड़ में बेंगलुरु सिटी पुलिस की एंट्री से चोर गिरोह में हड़कंप, लगातार छापेमारी जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



साहिबगंज/तीनपहाड़। आईपीएल मैच के दौरान बेंगलुरु में हुई मोबाइल चोरी कांड की जांच अब झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र तक पहुंच चुकी है। मामले में बेंगलुरु सिटी पुलिस की टीम ने यहां डेरा डाल दिया है, जिससे इलाके में सक्रिय चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।



पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अब तक 21 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। साथ ही, कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश जारी है।

तीनपहाड़ कनेक्शन से खुली परतें

जांच के दौरान गिरोह के तार तीनपहाड़ क्षेत्र से जुड़े मिलने के बाद बेंगलुरु पुलिस यहां पहुंची है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क की कड़ियां खुलनी शुरू हुई हैं और अब अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

कोड वर्ड और संगठित नेटवर्क की जांच

सूत्रों के मुताबिक, गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था और आपसी बातचीत के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल करता था। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।




इस संबंध में साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने एक मीडिया संस्था अखबार माध्यम में कहा कि मोबाइल चोरी के मामले में बेंगलुरु पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है और स्थानीय पुलिस भी हर संभव सहयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि तीनपहाड़ क्षेत्र से जुड़े कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है, तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

इलाके में बढ़ी हलचल

बेंगलुरु सिटी पुलिस की मौजूदगी और लगातार कार्रवाई से इलाके में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में कार्रवाई जारी है।



नोट: मामला जांचाधीन है, आरोपों की पुष्टि न्यायालय में होना शेष है।

Leave a Comment

और पढ़ें