देसी पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार, देवर ने भाभी पर तान दिया था कट्टा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस  मेहरमा
संवाददाता – शिवम् गोस्वामी

मेहरमा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान भाभी पर देशी कट्टा तानने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च को मेहरमा थाना क्षेत्र की निवासी सुहागिनी बेसरा (उम्र 20 वर्ष), पति बेरनेट मरांडी ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान उनके देवर अगस्टीन मरांडी ने जान से मारने की नीयत से उन पर देशी कट्टा तान दिया था।

शिकायत के आधार पर मेहरमा थाना में कांड संख्या 32/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अगस्टीन मरांडी (उम्र 19 वर्ष), पिता सोरेन मरांडी उर्फ सुरेन्द्र मरांडी, निवासी मेहरमा थाना क्षेत्र, जिला गोड्डा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर एक अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद की गई।

छापेमारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, पुअनि मनोज कुमार निराला, पुअनि ब्रह्मा सिंह, सअनि मनोज कुमार रंजन सहित मेहरमा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें