संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र के गांगटाही पुल के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से जा रही स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान पूनम देवी पति श्रीनाथ यादव, जय भगवान यादव पिता श्रीनाथ यादव, अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। कार में सवार थे कुल 10 लोग सभी लोग पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायलों में ज्योति कुमारी 24 वर्ष, पति जय भगवान यादव, शुभम यादव 6 वर्ष, अभिराज यादव 10 वर्ष, मृत्युंजय यादव 8 वर्ष, धर्मेंद्र यादव 35 वर्ष, पिता श्रीनाथ यादव, कौशल्या देवी थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्रारंभिक उपचार के लिए बरही अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल / शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है। घायलों को बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग भेजा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने गांगटाही पुल के पास स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।








