गढ़वा जिले में रविवार सुबह एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रंका–रमकंडा रोड स्थित बरवाटांड़ के पास सुबह करीब 4 बजे हुई, जब ओवरलोड और तेज रफ्तार में आ रही हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे दौड़ लगा रहे दोनों युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मानपुर टेढ़ा महुआ निवासी राजू और अनिल के रूप में हुई है।
खौफनाक था हादसा — बिखरे पड़े थे शव के टुकड़े
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि युवकों के शव के अलग-अलग हिस्से सड़क पर बिखरे पड़े थे। लोगों को शव के टुकड़े तक इकट्ठा करने पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा छड़ी (पत्थर) से लदी हुई थी और गढ़वा की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह युवकों को कुचलते हुए सड़क किनारे पलट गई।
आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे थे युवक
दोनों युवक प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाकर आगामी आर्मी भर्ती की तैयारी करते थे। रविवार तड़के भी वे इसी तैयारी में निकले थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा को कब्जे में ले लिया।
ओवरलोडिंग पर स्थानीयों का आक्रोश
स्थानीय लोगों ने बताया कि रंका–रमकंडा रोड पर ओवरलोड वाहनों की रफ्तार तेज रहती है, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि ओवरलोड गाड़ियों पर रोक लगाने की दिशा में कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है।
पुलिस अब हाईवा चालक की पहचान करने और ओवरलोडिंग के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।








