गढ़वा में दर्दनाक हादसा: मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों पर गिट्टी लदा हाईवा पलटा, दो की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के मानपुर टेड़की आहर के पास शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों का समूह सड़क किनारे चल रहा था, तभी गिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार हाईवा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। देखते ही देखते वाहन सीधे वॉक कर रहे लोगों पर जा गिरा, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

हादसे में कई लोग हाईवा के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस और स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुँचे। जेसीबी और अन्य साधनों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते खोज अभियान जारी है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हाईवा तेज रफ्तार में था और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से पलट गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने हाईवा चालक की पहचान और वाहन के मालिक से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चालक की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास जारी है। रंका थाना प्रभारी ने कहा कि प्राथमिकता राहत एवं बचाव कार्य है और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें