गिरिडीह,। गिरिडीह जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान परिवहन विभाग के निर्देशानुसार एनएच-114ए (गिरिडीह-डुमरी मार्ग) पर आयोजित किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) और मोटर यान निरीक्षक की संयुक्त टीम ने वाहन चालकों को “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” का संदेश देते हुए यातायात नियमों के पालन की अपील की। अभियान के दौरान चालकों को गति सीमा का पालन करने और हिट एंड रन मामलों में गुड सेमेरिटन योजना की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि गति सीमा का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम 2019 की धारा 183 के तहत जुर्माने का प्रावधान है, जबकि सड़क पर रेसिंग करने पर धारा 189 के तहत 5,000 रुपये जुर्माना या तीन महीने की कैद या दोनों सजा हो सकती है।
इस अभियान के तहत वाहनों की जांच भी की गई और चालकों को जागरूकता पत्रक वितरित किए गए। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित जांच और बेहतर सड़क बुनियादी ढांचे की मांग की।
जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया है।








