संथाल हूल एक्सप्रेस रामगढ़/जमशेदपुर
झारखंड पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुख्यात अपराधी मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को रामगढ़ जेल से जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। जेल आईजी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
मयंक सिंह, जिसे अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर झारखंड लाया गया था, वर्तमान में रामगढ़ जेल में नजरबंद है। सुरक्षा कारणों से जेल प्रशासन ने उसे वहां रखना जोखिम भरा मानते हुए उसे अति सुरक्षित घाघीडीह जेल में स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।
यह अपराधी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव के संगठन से जुड़ा हुआ है। मयंक सिंह के खिलाफ झारखंड भर में 48 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से अधिकांश हजारीबाग जिले में केंद्रित हैं। इसके अलावा रांची, रामगढ़, पलामू और गिरिडीह जिलों में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
मयंक सिंह मलेशिया से बैठकर भारत में गैंग संचालन कर रहा था और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। विदेश से गिरफ्तार होने वाला यह झारखंड का पहला अपराधी है, जिसकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।