संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी द्वारा राजधानी रांची में सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान के नए क्षेत्रीय केंद्र का उद्घाटन किया गया । बता दे यह केंद्र पूर्वी भारतझारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए मंत्रालय की प्रमुख पहलों जैसे मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और मिशन सक्षम आंगनबाड़ी व पोषण 2.0 के प्रशिक्षण और अनुसंधान कार्यों को गति देगा।
अपने संबोधन में मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इसे “एक विचार, विश्वास और विज़न को हकीकत में बदलने का दिन” बताया और कहा कि यह केंद्र क्षेत्रीय प्रशिक्षण, नीति निर्माण और सेवा वितरण में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
इस अवसर पर एक प्रभावशाली प्रदर्शनी, प्रशिक्षु महिलाओं से संवाद, नियुक्ति पत्र वितरण, और संस्थान के नए लोगो का अनावरण भी किया गया।
यह क्षेत्रीय केंद्र स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यकर्ताओं को उन्नत प्रशिक्षण, डिप्लोमा पाठ्यक्रम, और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में बड़ा योगदान देगा। इससे पहले, इन राज्यों को गुवाहाटी या लखनऊ पर निर्भर रहना पड़ता था; अब यह केंद्र प्रशिक्षण को सुलभ और स्थानीय बनाएगा।
यह पहल संस्थान के नाम परिवर्तन एनआईपीसीसीडी से सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला और बाल विकास संस्थान के साथ मिशन संचालित दृष्टिकोण को दर्शाती है। यह संस्थान अब 6 क्षेत्रीय केंद्रों के साथ प्रति वर्ष 1000+ पेशेवरों को प्रशिक्षित कर रहा है और यह नया केंद्र इस कार्य में और तेजी लाएगा।
इनकी रही उपस्थिति
मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ साथ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, हटिया विधायक नवीन जायसवाल तथा मंत्रालय के सचिव
अनिल मलिक उपस्थित रहे।
