पाकुड़ नगर, संवाददाता: साहिबगंज जिले के भोगनाडीह में हूल दिवस के मौके पर हुई हिंसा को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। झामुमो के जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि यह घटना आदिवासी समुदाय और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद नहीं बल्कि भाजपा की एक सोची-समझी साजिश थी, जिसे पुलिस की सतर्कता से विफल कर दिया गया।
झामुमो जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अजीजुल इस्लाम ने भाजपा पर बाहरी लोगों को लाकर उपद्रव करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंडल मुर्मू के नेतृत्व में किया गया यह उपद्रव संथाल परगना क्षेत्र को अशांत करने के लिए भाजपा द्वारा रची गई साजिश का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर का एक व्यक्ति, जो चंपाई सोरेन का करीबी बताया जा रहा है, गिरफ्तार किया गया है। वह पिछले दस दिनों से हूल दिवस के कार्यक्रम को बाधित करने की योजना बना रहा था।
अध्यक्ष ने कहा, “संथाल परगना सदैव शांतिपूर्ण रहा है। भोगनाडीह में हर साल हूल दिवस के मौके पर मेले का आयोजन होता है, जिसमें कभी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। आदिवासी समुदाय हमेशा से मिलनसार और सहयोगी रहा है।”
प्रेस वार्ता के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने बिरसा चौक पर भाजपा का पुतला दहन कर गहरा विरोध जताया। इस दौरान उपासना मरांडी, श्याम यादव, समद अली, प्रकाश सिंह, मसीलुद्दीन शेख और राजेश सरकार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
