संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची:झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए राज्यभर में प्रार्थनाओं और पूजा-पाठ का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में राजधानी रांची के तेतर टोली सरना स्थल, मोरहाबादी में झामुमो नेता अंतु तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर पारंपरिक सरना धार्मिक विधि-विधान के अनुसार पूजा अर्चना की गई। पूजा का आयोजन मोरहाबादी मौजा के मुख्य पाहन सनी मुंडा के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें झारखंडी संस्कृति की पारंपरिक विधियों का पूरी निष्ठा से पालन किया गया। पूजा के दौरान सरना धर्म की रीति-नीति के अनुसार पेड़, जल, अग्नि और धरती को साक्षी मानते हुए शांति और स्वास्थ्य की कामना की गई।
सरना माता की कृपा से गुरुजी शीघ्र लौटेंगे – अंतु तिर्की
पूजा कार्यक्रम के दौरान अंतु तिर्की ने कहा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन सभी झारखंड वासियों के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने झारखंड की आत्मा को आवाज दी, आदिवासी समाज को जागरूक किया और हमारे अधिकारों की लड़ाई लड़ी। आज जब वे अस्वस्थ हैं, तो पूरा झारखंड उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए एकजुट है। सरना माता की कृपा उन पर बनी रहेगी और वे बहुत जल्द स्वस्थ होकर हमारे बीच लौटेंगे।
राज्य भर में हो रही पूजा अर्चना
बताते चलें कि शिबू सोरेन कुछ दिनों से दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। जैसे ही उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी सामने आई, राज्य भर में लोग उनकी कुशलता के लिए प्रार्थनाएं करने लगे। अलग-अलग ज़िलों में मंदिरों, मस्जिदों, गिरजाघरों और सरना स्थलों पर लोग दुआ मांग रहे हैं।
