रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला आज, दोपहर 3 बजे से एंट्री; टिकट पर दर्ज गेट से ही मिलेगा प्रवेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दर्शकों को दोपहर 3 बजे से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्शकों को अपने टिकट पर दर्ज गेट नंबर से ही प्रवेश मिलेगा।

स्टेडियम के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और रास्तों की जानकारी देने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। किसी भी वाहन को सीधे स्टेडियम के प्रवेश द्वार तक जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद लगभग 300 मीटर पैदल चलकर स्टेडियम पहुंचना होगा।

सुबह 6 बजे से रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर रोक

मैच के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 6 बजे से मुकाबला समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सुजाता चौक, स्मार्ट बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, एजी मोड़, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, कडरू ब्रिज और अरगोड़ा चौक सहित कई इलाकों में ऑटो, टोटो, सवारी वाहनों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।

वहीं, भारी वाहनों की नो-एंट्री सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।

सुरक्षा में 518 पुलिस पदाधिकारी और 1,200 जवान तैनात

मैच को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में 518 पुलिस पदाधिकारी और 1,200 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सुरक्षा की निगरानी एडीजी कर रहे हैं।

स्टेडियम के अंदर स्टैंड, पवेलियन और संवेदनशील गैलरी में 335 पुलिस पदाधिकारियों और 850 जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों, चेकिंग बैरिकेड्स और प्रमुख चौराहों पर 183 पुलिस पदाधिकारी तथा 350 जवान तैनात रहेंगे। महिला दर्शकों की सुरक्षा और तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।

साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के दर्शक कहां करें पार्किंग?

अरगोड़ा की ओर से आने वाले साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के टिकटधारी दर्शकों को धुर्वा गोलचक्कर से दाहिनी ओर मुड़कर प्रभात तारा मैदान पहुंचना होगा। यहां मुख्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

प्रभात तारा मैदान भर जाने पर दर्शकों के वाहनों को डीएवी स्कूल, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, संत थॉमस स्कूल और शाखा मैदान में पार्क कराया जाएगा। इन स्थानों से दर्शकों को पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा।

वेस्ट गेट के दर्शकों के लिए सखुआ मैदान में पार्किंग

वेस्ट गेट से प्रवेश करने वाले दर्शकों को धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक और धुर्वा बस स्टैंड होते हुए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सामने स्थित सखुआ मैदान पहुंचना होगा।

सखुआ मैदान में जगह नहीं मिलने पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां से दर्शकों को लगभग 300 मीटर पैदल चलना होगा।

नयासराय की ओर से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलिपैड ग्राउंड में वाहन पार्क कर सकते हैं। यहां से पैदल नॉर्थ गेट तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी। प्रवेश से पहले टिकट की जांच होगी और दूसरे गेट का टिकट दिखाकर प्रवेश नहीं मिलेगा।

VIP और VVIP वाहनों के लिए अलग रास्ता

VIP और VVIP पास वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नॉर्थ गेट के पास निर्धारित विशेष पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। इस मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, टिकट पर दर्ज गेट और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि प्रवेश के दौरान परेशानी से बचा जा सके।

 

Leave a Comment

और पढ़ें