जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन में मिला महिला का कटा सिर, बोकारो में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बोकारो। पटना से रांची आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से तेज बदबू आने के बाद शनिवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पर सनसनीखेज मामला सामने आया। जांच के दौरान इंजन के आगे कैटल गार्ड के समीप बने हिस्से से करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, गोमो में चालक बदलने के दौरान इंजन के अगले हिस्से से बदबू आने की जानकारी मिली थी। शुरुआत में रेलकर्मियों ने इसे किसी छोटे जानवर के फंसे होने की आशंका माना, लेकिन चंद्रपुरा पहुंचने तक बदबू तेज होने पर मामले को गंभीरता से लिया गया।

शनिवार सुबह करीब 11:35 बजे जनशताब्दी एक्सप्रेस बोकारो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। पायलट ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से कंट्रोल को इंजन के आगे संदिग्ध वस्तु होने की सूचना दी। इसके बाद RPF और GRP की टीम ने इंजन की तलाशी ली, जहां कैटल गार्ड के पास महिला का कटा हुआ सिर मिला। RPF की मौजूदगी में उसे बाहर निकाला गया और GRP ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद उसे कब्जे में ले लिया।

घटना के कारण ट्रेन करीब एक घंटे तक बोकारो स्टेशन पर खड़ी रही और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद दोपहर करीब 12:33 बजे रांची के लिए रवाना हुई।

RPF अधिकारियों के अनुसार, महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सिर इंजन तक कैसे पहुंचा, महिला कौन है और घटना के पीछे क्या कारण है, इन सभी बिंदुओं पर GRP द्वारा जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें