सरायकेला में शराब लदा वाहन पलटा, सड़क पर बिखरी बोतलें; लूटने की मची होड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में रविवार को एक शराब से लदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं, जिसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में बोतलें लूटने की होड़ मच गई। देखते ही देखते कई लोग शराब की बोतलें उठाकर अपने साथ ले गए।

जानकारी के अनुसार, ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब से लदा वाहन धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान झाबरी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन में लदी शराब सड़क पर बिखर गई।

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। कई लोग सड़क पर गिरी शराब की बोतलें उठाने लगे। चालक लोगों को रोकने का प्रयास करता रहा, लेकिन भीड़ किसी की सुनने को तैयार नहीं थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में शराब की बोतलें लोग अपने साथ ले गए, जबकि कई बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं।

सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य की शराब लदी हुई थी। हादसे में लगभग 80 प्रतिशत शराब नष्ट हो गई, जबकि शेष बोतलें ग्रामीण उठा ले गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Comment

और पढ़ें