रांची में 15 वर्षीय किशोरी लापता, मौसीबाड़ी इलाके में बढ़ी चिंता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित मौसीबाड़ी इलाके से 15 वर्षीय किशोरी ग्रेशु कुमारी के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई है।

परिजनों के अनुसार, ग्रेशु सोमवार दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी ग्रेशु के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत 8969859680 पर संपर्क करें।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में इसी इलाके से बच्चों और किशोरों के लापता होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले तीन किशोरों के एक साथ गायब होने का मामला भी चर्चा में रहा था। जांच के दौरान पता चला था कि वे अपनी मर्जी से ओडिशा के पुरी घूमने चले गए थे। पुलिस ने उनमें से एक बच्चे को बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और किशोरों के अचानक लापता होने के मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग भी उठ रही है।

फिलहाल पुलिस और परिजन किशोरी की तलाश में जुटे हुए हैं और उसके सकुशल घर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें