संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
NEET-UG परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए री-एग्जाम की नई तारीख घोषित कर दी है। अब NEET UG परीक्षा का दोबारा आयोजन 21 जून को किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने अगले साल से परीक्षा को ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में कराने का भी फैसला लिया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने NEET परीक्षा रद्द करने का कठिन निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा माफिया के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट के बजाय पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की जाएगी, ताकि पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
वहीं इस साल होने वाले री-एग्जाम में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को परीक्षा शहर चुनने का विकल्प भी मिलेगा और इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। नए एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे।
सरकार ने यह भी घोषणा की है कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा के बाद पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। इसके बाद मामले की जांच CBI को सौंपी गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक कथित पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








