गिरिडीह/डुमरी: झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार मेन मार्केट में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हजारीबाग नंबर का कोयला लदा एक बेकाबू ट्रक तेज रफ्तार में बाजार क्षेत्र में घुस गया और करीब 13 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से 15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों, पुलिस एवं प्रशासन की मदद से आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई थी, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान करने एवं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका ट्रक के ब्रेक फेल होने की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।








