घर बुलाकर बेहोश किया, अश्लील वीडियो बनाकर 4 लाख की वसूली; हनीट्रैप मामले में महिला गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र में हनीट्रैप से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यवसायी को जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सरायढेला निवासी एक व्यवसायी की आरोपी महिला से सोशल मीडिया पर पहचान हुई थी। 28 अप्रैल को महिला ने उसे मिलने के लिए लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया, जिसके बाद एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में उसका वीडियो बना लिया गया।

इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। भय के कारण पीड़ित से करीब 4 लाख रुपये वसूले गए, जबकि कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर रकम निकाली और गहने भी अपने कब्जे में ले लिए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में कई युवक-युवतियां शामिल हैं, जो इसी तरह लोगों को निशाना बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। इस मामले में महिला के पति समेत अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है।

लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

और पढ़ें