प्रेमिका के लिए मजदूरी, नर्स बनते ही दूरी; तनाव में युवक ने की आत्महत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क, गुमला

गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के करंजटोली गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रविवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनुप किंडो के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनुप का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि अनुप अपनी प्रेमिका को लेकर बेहद गंभीर था और उसकी पढ़ाई-लिखाई पूरी कराने के लिए खुद गोवा जाकर मजदूरी करने लगा। वह अपनी कमाई का अधिकांश हिस्सा प्रेमिका को भेजता था, ताकि वह नर्सिंग की पढ़ाई कर सके।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, युवती के नर्स बनने के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं। बीते तीन महीनों से उनके बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। अनुप लगातार संबंध को बनाए रखने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती के व्यवहार में आए बदलाव से वह मानसिक तनाव में आ गया था।

रविवार की सुबह उसने महुआ के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना के एएसआई प्रमोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतारा गया।

पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

यह घटना न केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि समाज में बदलते रिश्तों और भावनात्मक अस्थिरता की भी गंभीर तस्वीर पेश करती है।

और पढ़ें