हजारीबाग हाइवा अगजनी कांड का खुलासा, 24 घंटे में 4 आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित 13 माइल पुल के पास हुए हाइवा अगजनी कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बीते दिन राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों ने पेट्रोल छिड़ककर हाइवा में आग लगा दी थी। घटनास्थल से एक हस्तलिखित पर्चा भी बरामद हुआ था, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। गुप्त सूचना के आधार पर चंदौल गांव के हथिया पत्थर जंगल में छापेमारी कर चार आरोपियों—मोहम्मद एजाज, मोहम्मद अफताब, मोहम्मद सलामत अंसारी और तुसार सिन्हा—को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 पिस्टल, 11 जिंदा गोलियां, घटना से जुड़े पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोल माइनिंग क्षेत्र में दहशत फैलाने की साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मोहम्मद सलामत अंसारी पर बड़कागांव और टंडवा थाना क्षेत्रों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं मोहम्मद एजाज के खिलाफ भी केस दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोल क्षेत्र में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

और पढ़ें