भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी पत्रकार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस गिरोह के सदस्य खुद को पत्रकार बताकर व्यापारियों और आम लोगों से अवैध वसूली किया करते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने मानिक सरकार चौक स्थित “2.0 रेस्टोरेंट” को अपना निशाना बनाया था। आरोपी रेस्टोरेंट में पहुंचे और खुद को पत्रकार बताते हुए संचालक अभिषेक कुमार पर दबाव बनाने लगे। आरोप है कि उन्होंने पैसे की मांग की और ‘मीडिया’ का डर दिखाकर धमकाने की कोशिश की।
रेस्टोरेंट संचालक ने हिम्मत दिखाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और जोगसर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि गिरोह में शामिल 2 महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
गिरफ्तार सभी आरोपी भागलपुर जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं और खुद को पत्रकार बताकर अवैध वसूली में संलिप्त थे। इस मामले में जोगसर थाना में कुल 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें 5 गिरफ्तार और 2 फरार हैं।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही आम लोगों और व्यापारियों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति पत्रकार या अधिकारी बनकर धमकाए या पैसे की मांग करे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि ऐसे फर्जी गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।







