झारखंड में अगले 2 दिन लू का अलर्ट, 24 अप्रैल से कई जिलों में बारिश के आसार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखंड के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के बड़े हिस्से में तापमान लगातार ऊंचा बना रहेगा और लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गुमला, सिमडेगा और खूंटी—में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और लातेहार जैसे जिलों में फिलहाल गर्मी का प्रकोप कम होने की संभावना नहीं है और यहां तापमान में और वृद्धि देखी जा सकती है।

मंगलवार को मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार पलामू, कोल्हान, बोकारो और कोडरमा समेत कई जिलों में लू का असर स्पष्ट रूप से देखा गया। वहीं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और जमशेदपुर जैसे कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पूर्वी बिहार से मध्य प्रदेश तक फैली टर्फ लाइन के प्रभाव से राज्य के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 24 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है, जहां बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

और पढ़ें