मनरेगा लोकपाल ने भातुडिया बी पंचायत में मनरेगा योजनाओं एवं अभिलेखों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रामगढ़ : मनरेगा लोकपाल कल्पना झा ने मंगलवार को रामगढ़ प्रखंड के भातुडिया बी पंचायत में चल रही मनरेगा योजनाओं एवं इससे संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मनरेगा लोकपाल के साथ बीपीओ पंकज कुमार वर्मा, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता रविन्द्र कुमार मंडल, ग्राम रोजगार सेवक विकास झा भी थे। इस क्रम में लोकपाल ने सबसे पहले पंचायत सचिवालय जाकर मनरेगा के आवश्यक सात रजिस्टरों के साथ-साथ योजनाओं से संबंधित रजिस्टर एवं मापी पुस्तिकाओं की जांच की।जांच के दौरान उपस्थित संबंधित ग्राम रोजगार सेवक को उन्होंने सभी पंजियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। पंचायत सचिवालय के बाद उन्होंने पूरी टीम के साथ भातुडिया बी में मनरेगा के तहत क्रियान्वित की जा रही बिरसा हरित ग्राम बागवानी योजनाओं तथा निर्माणाधीन सिंचाई कूपों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभार्थियों को बागवानी के साथ इंटरक्रॉपिंग करने तथा पौधों के बीच उग आई खरपतवार को हटाने का निर्देश भी दिया। मनरेगा लोकपाल ने बागवानी योजनाओं में मजदूरों के विश्राम के लिए शेड का निर्माण, महिला श्रमिकों के बच्चों के लिए क्रेच, पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा के लिए आवश्यक दवाओं आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित ग्राम रोजगार सेवक को दिया।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें