संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
झारखंड में ठंड लगातार तीखी होती जा रही है। तापमान में तेजी से गिरावट के बाद मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में यह अलर्ट लागू किया गया है उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा शामिल हैं।
सोमवार को कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। गुमला में तो पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। तापमान में इस अचानक गिरावट ने जनजीवन को प्रभावित किया है, खासकर सुबह और देर शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लोगों को शीतलहर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि अत्यधिक ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें, बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई गई है।









