पाकुड़ नगर प्रबंधक मृत्युंजय पांडेय का निधन, हृदय गति रुक गई थी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकुड़ नगर परिषद के नगर प्रबंधक श्री मृत्युंजय पांडेय का आकस्मिक निधन हृदय गति रुकने से हो गया। वे आयुष्मान आरोग्य मंदिर के उद्घाटन से पहले निरीक्षण हेतु संस्कृति भवन पहुंचे थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद के कर्मचारियों ने तुरंत प्रशासक श्री अमरेंद्र चौधरी को सूचित किया। प्रशासक मौके पर पहुंचे और श्री पांडेय को तत्काल शहर के एक निजी नर्सिंग होम भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए उन्हें पश्चिम बंगाल के एक नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
श्री पांडेय के निधन की खबर से नगर परिषद कार्यालय सहित पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई। उन्होंने वर्ष 2021 में नगर प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया था। मूल रूप से वे पटना के राजेंद्र नगर के निवासी थे। उनके परिवार में उनकी एक बेटी भी है। उनके निधन की सूचना परिजनों को दी गई और पार्थिव शरीर को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया। प्रशासक श्री अमरेंद्र चौधरी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह नगर परिषद के लिए अपूरणीय क्षति है और परिषद परिवार इस दुख की घड़ी में शोकसंतप्त परिजनों के साथ है। इस दुखद समाचार पर उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें