संथाल हुल एक्सप्रेस डेस्क | रांची | 01 जुलाई 2025:
झारखंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लकड़ा के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। 30 जून को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले सिमडेगा में प्राथमिक उपचार दिया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत रांची के दीपाटोली स्थित Curesta Hospital में भर्ती कराया गया।
सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट
जानकारी के अनुसार, बिमल लकड़ा अपने घर में अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे उनके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट आ गई। अस्पताल लाए जाने तक काफी खून निकल चुका था, जिससे स्थिति चिंताजनक हो गई थी।
ICU में लगातार निगरानी
Mejor Surgeon Dr. Sanjay Kumar और Dr. Patrick Prabodh Minj की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बिमल लकड़ा को ICU में रखा गया है जहां उनकी सेहत पर हर पल नजर रखी जा रही है।
डॉक्टर की अपडेट:
Dr. Patrick Prabodh Minj ने मीडिया को बताया,
“जब बिमल लकड़ा को हमारे अस्पताल में लाया गया था, तब उनकी स्थिति गंभीर थी। काफी रक्तस्राव हो चुका था। लेकिन हमने तत्काल इलाज शुरू कर उन्हें स्टेबल किया। स्कैन रिपोर्ट में गंभीर फ्रैक्चर या आंतरिक ब्लीडिंग जैसी स्थिति नहीं पाई गई है। इसलिए फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा कि बिना सर्जरी के ही इलाज संभव है। हालांकि शरीर में कमजोरी अभी भी बनी हुई है लेकिन यह धीरे-धीरे ठीक हो रही है। डॉक्टरों ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में बिमल लकड़ा की हालत और बेहतर होगी।
खेल जगत और प्रशंसकों ने की दुआएं
सिमडेगा और झारखंड के खेल प्रेमियों, साथ ही हॉकी जगत के पूर्व साथियों ने बिमल लकड़ा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी उनके लिए प्रार्थना संदेशों की बाढ़ आ गई है।
परिवार की ओर से अपील:
बिमल लकड़ा के परिवार ने सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि फिलहाल डॉक्टरों की सलाह के अनुसार ही इलाज जारी रहेगा और सभी से अपील है कि झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें।
