धनबाद क्रिकेट संघ में घमासान तेज, 131 सदस्यों ने मैनेजिंग कमेटी भंग करने की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) में अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। संघ के एक नाराज गुट ने मैनेजिंग कमेटी को भंग करने की मांग करते हुए बड़ा कदम उठाया है। दावा किया जा रहा है कि 217 सदस्यीय धनबाद क्रिकेट संघ में से 131 सदस्यों ने संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त नोटिस देकर विशेष आम सभा (Special General Meeting) बुलाने की मांग की है।

इस अभियान की अगुवाई डीसीए सदस्य अवधेश सिंह कर रहे हैं। उन्होंने महासचिव को नोटिस भेजकर वर्तमान मैनेजिंग कमेटी को भंग करने और संगठन में व्यापक बदलाव की मांग की है। नोटिस की प्रतिलिपि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) और आईजी रजिस्ट्रेशन को भी भेजी गई है।

हाल के दिनों में नाराज गुट की एक बैठक हुई थी, जिसमें धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी शामिल हुए थे। मेयर के समर्थन मिलने के बाद विरोधी गुट और अधिक सक्रिय हो गया है। अवधेश सिंह ने आरोप लगाया है कि संघ का संचालन पारदर्शी तरीके से नहीं हो रहा है, जिससे सदस्यों का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप लगाए हैं।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को बदलकर बोर्ड ऑफ एडवाइजर्स बना दिया गया, जिससे उसके अधिकार सीमित हो गए और संगठन के अंदर नियंत्रण एवं संतुलन की व्यवस्था कमजोर हुई है।

वहीं, धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा है कि उन्हें अभी तक आधिकारिक रूप से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। नोटिस मिलने के बाद हस्ताक्षरों की सत्यता की जांच की जाएगी और संघ के बायलॉज (नियमावली) के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या विशेष आम सभा बुलाई जाती है और क्या यह विवाद धनबाद क्रिकेट संघ में बड़े बदलाव का कारण बनेगा। खेल के मैदान से बाहर शुरू हुआ यह “खेला” आने वाले दिनों में और दिलचस्प मोड़ ले सकता है।

और पढ़ें