संथाल हूल एक्सप्रेस गोड्डा
झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में एक निजी स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत हो गई। घटना केडोबाजार स्थित एक हेल्थ सेंटर में हुई, जहां आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय की महिला का इलाज चल रहा था। मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
ऑपरेशन के दौरान मौत, लापरवाही का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया और संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।
फर्जी तरीके से संचालन के आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सनलाइफ हेल्थ केयर नामक यह केंद्र फर्जी तरीके से संचालित किया जा रहा था। यहां न तो पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं थीं और न ही योग्य डॉक्टर मौजूद थे। बिना आवश्यक मानकों के ऑपरेशन किए जाने की बात सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस मौके पर, हालात नियंत्रित करने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास किया।
संचालन पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, इस स्वास्थ्य केंद्र का संचालन नसीम नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था, जो ठेकेदारी कार्य से भी जुड़ा बताया जा रहा है। केंद्र के लाइसेंस और वैधता को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।








