संथाल हूल एक्सप्रेस सेंट्रल डेस्क
कोलकाता/भवानीपुर: पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया है। भवानीपुर स्थित काउंटिंग सेंटर पर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि काउंटिंग एजेंट्स की एंट्री को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी बहस के बाद स्थिति बिगड़ गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने में जुट गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
गौरतलब है कि भवानीपुर सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला रहा है। ऐसे में मतगणना से पहले इस तरह की घटना ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
प्रशासन ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि काउंटिंग प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर काउंटिंग सेंटर के आसपास अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है।
फिलहाल, पूरे मामले पर चुनाव आयोग की नजर बनी हुई है और आगे की स्थिति को लेकर सख्त निगरानी रखी जा रही है।








