संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गुमला: झारखंड के गुमला जिले में सोमवार शाम एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी को निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपये के गहने और नकदी लूट ली। घटना घाघरा थाना क्षेत्र में थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरिओम गहना घर के संचालक शशांक सोनी अपनी मां के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके पास ग्राहक का ऑर्डर किया हुआ सोना, दुकान का अन्य गहना और दिनभर की बिक्री का कैश स्कूटी की डिक्की में रखा हुआ था।
घर से लगभग 100 मीटर पहले पुटो रोड पर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोका और हवाई फायरिंग करते हुए हथियार का भय दिखाया। इसके बाद अपराधी डिक्की में रखा सोना और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कारोबारी शशांक सोनी के अनुसार, अपराधी करीब 1 किलो सोना और लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर भागे हैं। इस लूट की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात स्थल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जिले में इस तरह की बड़ी लूट की घटना पहले कभी नहीं हुई, जिससे लोगों में आक्रोश और भय दोनों का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।







