पंचायत चुनाव से पहले सियासत तेज, आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन पर साधा निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखंड में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट के साथ राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर गांव की सरकार को लेकर “दिखावा” करने का आरोप लगाया है।

रांची में बयान जारी करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि पंचायत चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री सियासी गतिविधियों में जुट गए हैं, जबकि पिछले चार वर्षों में ग्रामीण विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र द्वारा भेजी गई राशि का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है और झूठी वाहवाही बटोर रही है। साहू के अनुसार राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित मुखिया सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने गांव के विकास पर लंबी-चौड़ी बातें कीं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं।

आदित्य साहू ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 4342 पंचायतों को लगभग 2254 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए दी गई है, जिसमें प्रत्येक पंचायत को करीब 52 लाख रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इतनी बड़ी राशि झारखंड गठन के बाद पहली बार मिली है।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह फंड के उपयोग का प्रमाण पत्र तक देने में विफल रही है और अब पंचायतों के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

साहू ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखें और केंद्र से मिले फंड का सही उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस राशि में भ्रष्टाचार हुआ तो भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव तक इसका विरोध करेंगे।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ रही हैं और विभिन्न दल अपने-अपने तरीके से जनता के बीच पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।

और पढ़ें