कार्यकर्ता ने पाकिस्तान-बांग्लादेश के खिलाफ फूटा गुस्सा
लिट्टीपाड़ा संवाददाता
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पाकिस्तान तथा बांग्लादेश के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया।
कैंडल मार्च के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने आतंकियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान “पाकिस्तान मुर्दाबाद”, “बांग्लादेश मुर्दाबाद” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी शुरू से ही आतंकवाद के खिलाफ मुखर रही है और भविष्य में भी राष्ट्र की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मौके पर भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य साहेब हांसदा, जिला कमेटी के सदस्य राम मंडल, बिचामहल मंडल महामंत्री गणेश मंडल, कृष्ण मडैया, शिव मुर्मू, गौरीशंकर साहा, भूजल मंडल, प्रदीप मंडल, विजय मंडल, साधन मंडल और बाणेश्वर सोरेन समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए वे सदैव संघर्षरत रहेंगे।
