स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
साहिबगंज। आजसू पार्टी ने सिदो-कान्हू स्टेडियम परिसर में हूल क्रांति के अमर शहीदों सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए हूल दिवस मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष चतुरानंद पांडे ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने वीर संथाल सेनानियों की क्रांति को स्मरण किया, जिन्होंने 1855 में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जल, जंगल, और जमीन की रक्षा के लिए सशस्त्र आंदोलन का ऐतिहासिक बिगुल फूंका था। हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह अध्याय है, जिसे इतिहास में अक्सर उपेक्षित किया गया, परंतु इसकी क्रांतिकारी चेतना आज भी आदिवासी समाज और युवा वर्ग को प्रेरित करती है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संथाल वीरांगनाओं फूलो और झानो की भूमिका को भी रेखांकित किया। जिनके अदम्य साहस और संघर्ष ने इस आंदोलन को नई ऊंचाई प्रदान की। जिला अध्यक्ष चतुरानंद पांडे ने अपने संबोधन में कहा, “आजादी की यह पहली लड़ाई सिर्फ अंग्रेजों के खिलाफ नहीं थी, बल्कि अपने अस्तित्व, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए थी। आज के युवाओं को इन वीर शहीदों के संघर्ष को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।”
इस गरिमामय आयोजन में जिला संगठन सचिव विभाष साह, पंकज हादसा, राजेश राय, शशिकांत दुबे, नगर अध्यक्ष गोविंद पासवान, दिनेश यादव, विश्वनाथ महाल्दार, मोहम्मद करीम खान, सोनू मिश्रा, अधिवक्ता मंगल, संतोष पासवान, नारायण सिंह और जयप्रकाश यादव सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
