Search
Close this search box.

बड़दही में बनेगी पक्की सड़क, 80 लाख होंगे खर्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

जामताड़ा : फतेहपुर प्रखंड के खामारवाद पंचायत स्थित बड़दही गांव में एक किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का शिलान्यास हुआ। निर्माण पर 80 लाख रुपये खर्च होंगे। यह सड़क बड़दही मध्य विद्यालय से सिंह टोला गांव तक बनेगी। फिलहाल यह सड़क कच्ची और जर्जर है। ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी कि इसे पक्का किया जाए। शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो मौजूद रहे। उन्होंने नारियल फोड़ कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की पहचान होती है। सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद गांव तक पक्की सड़क पहुंचे। हेमंत सरकार की सोच है कि सुदूर गांवों में भी पक्की सड़क बने तभी असली विकास होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश कर रहा हूं। मेरा प्रयास है कि सरकार के सभी विभागों से संपर्क कर नाला विधानसभा को लाभ दिलाऊं। सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं से लोग वर्षों से वंचित थे। अब इन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अब लोगों को थाना या प्रखंड मुख्यालय जाने में कठिनाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हेमंत सोरेन का विकास नहीं दिखता। गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आई है। गरीबों का कृषि ऋण और बिजली बिल माफ किया गया। दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। 18 से 49 वर्ष की महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये मिल रहे हैं। फतेहपुर में मॉडल डिग्री कॉलेज बना है। अब लड़के-लड़कियां घर की रूखी-सूखी खाकर बीए, बीएससी और आईटीआई की पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने विभाग के अभियंता और संवेदक को निर्देश दिया कि काम समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताई। इसी मौके पर प्रखंड अध्यक्ष आशोक महतो, बमभोला सिंह, विकास सिंह, विश्वनाथ सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें