संवाददाता, रांची
राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में विश्व हिंदू परिषद प्रतापनगर के तत्वावधान में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों के बीपी, शुगर और ऑक्सीजन स्तर की जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श तथा व्यायाम के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर का संचालन प्रतापनगर के विशेष संपर्क प्रमुख डॉ. रोहित अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक शांति बनाए रखने के महत्व की जानकारी दी।
शिविर में रांची महानगर विश्व हिंदू परिषद के सत्संग प्रमुख श्री योगेश खेड़वाल, कोषाध्यक्ष श्री अनिल जालान, मातृशक्ति सह संयोजिका श्रीमती रेखा मिश्रा, प्रतापनगर अध्यक्ष श्री अजय राजगढ़िया, उपाध्यक्ष श्री रजत चावला, मंत्री अनिल तिवारी, सह मंत्री श्री राजेश अरोड़ा, सामाजिक समरसता प्रमुख श्री समीर मिश्रा, धर्म प्रचार प्रमुख श्री अभिषेक गुप्ता, बजरंग दल मिलन प्रमुख श्री संतोष गुप्ता, दुर्गावाहिनी संयोजिका सुश्री ऋषिका, महावीर बस्ती मंत्री श्री रघुवीर रूंगटा एवं श्री कृष्ण कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने इस प्रकार के जनकल्याणकारी प्रयासों को नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन को सफल बनाने में विहिप कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
