- संवाददाता, लातेहार/रांची
लातेहार। विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई दुर्गावाहिनी द्वारा आयोजित सात दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ स्थानीय सरस्वति शिशू विद्या मंदिर लातेहार परिसर में धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र संयोजिका डॉ. शोभा रानी सिंह ने कहा कि आज के दौर में महिलाओं का सशक्त और सबल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवतियों से आत्मरक्षा के गुर सीखने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
डॉ. सिंह ने कहा कि दुर्गावाहिनी की दुर्गाओं में मां दुर्गा के सभी स्वरूपों की झलक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को आत्मरक्षा और सेल्फ डिफेंस के उपाय अवश्य आने चाहिए। शिविर में भाग ले रही युवतियों को लाठी चलाना, दंड संचालन, समूह अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण, योग, धर्म शिक्षा और सांस्कृतिक चेतना से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने धर्मांतरण और लव जिहाद जैसे मुद्दों पर चिंता जताते हुए कहा कि कुछ षड्यंत्रकारी ताकतें हिंदू युवतियों को बहला-फुसलाकर उन्हें प्रताड़ित कर रही हैं। ऐसे में युवतियों को सजग और सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से युवतियों को समाज में व्याप्त इन खतरों से निपटने की दिशा में जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। झारखंड प्रांत मातृशक्ति प्रमुख दीपारानी कुंज, प्रांत मंत्री मिथेश्वर मिश्र, मातृशक्ति सह प्रमुख सुषमा सुमन, सह मंत्री मनोज पोद्दार, मिलन सह प्रमुख कुमार, पलामू विभाग संगठन मंत्री विजय यादव, जिला संरक्षक रामनाथ अग्रवाल, विहिप जिला अध्यक्ष श्याम किशोर अग्रवाल व जिला मंत्री संजय तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। मंच संचालन दुर्गावाहिनी की वरिष्ठ कार्यकर्ता कंचन कुमारी ने किया। इस अवसर पर कुमारी जया, कुमारी सुधा सहित दर्जनों दुर्गा वाहिनी स्वयंसेविकाएं मौजूद थीं।
शिविर के दौरान महिला सशक्तिकरण, राष्ट्र सेवा और भारतीय संस्कृति को लेकर विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
