संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता हिरणपुर / संजय कुमार साहा
हिरणपुर थानाक्षेत्र के बिरग्राम गांव में एक दंपत्ति द्वारा जहर खाकर आत्महत्या कर लेने का प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के अनुसार बिरग्राम निवासी अंकीम यादव(32) एवं उसकी पत्नी नूतन देवी(22)ने गुरुवार रात को सल्फास की कई गोलियां खा ली। जिसके बाद आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज़ के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में ही नूतन देवी की मौत हो गई। वहीं पति अंकीम यादव को जंगीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गोड्डा जिला के हनवारा में हुई थी शादी
अंकिम यादव कि शादी गोड्डा जिला के हनवारा गाँव में डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी. इधर मृतिका के मायके पक्ष के लोग मामले की जानकारी मिलते ही सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेटी का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। जो अपने ससुराल बिरग्राम में अपने पति एवं सास-ससुर के साथ रहती थी। वहीं उसका देवर पुलिस विभाग में कार्यरत है, जो अपने परिवार के साथ गोड्डा के पथरगामा में रहता है। मृतका के परिजनों के अनुसार वर्तमान समय में वो गर्भवती थी। बताया जाता है पारिवारिक विवाद के कारण दंपत्ति ने आत्महत्या किया। इस बाबत थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आत्महत्या किन कारणों से की गई है इसका भी पता लगाया जा रहा है।
