रांची, झारखंड: झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य कई जिलों में तेज बारिश के साथ साथ आंधी और ओलावृष्टि का सक्रिय होने का संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य में भारी वर्षा हो सकती है। बंगाल से आ रही नमी युक्त हवाओं के चलते अधिक बारिश की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 7-8 डिग्री की गिरावट देखी गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पिछले 24 घंटों में, विशेष रूप से दोपहर 2 से 6 बजे के बीच, रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, लातेहार, कोडरमा और खूंटी के लिए 5 बार ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है, जिसके चलते ओलावृष्टि और अन्य आपदाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। आंधी-तूफान के दौरान पेड़, खंभे या अन्य संरचनाओं के गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। इससे बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।
राज्य के विभिन्न जिलों में आज का तापमान इस प्रकार हो सकता है:
- देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 21°C
- कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 22°C
- बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 21°C
- पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 23°C
