दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
हजारीबाग : विश्व पर्यावरण दिवस- 2025 के अवसर पर हज़ारीबाग झील स्थित ओपन एम्फीथिएटर में वन विभाग हजारीबाग पश्चिमी प्रमंडल द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, पर्यावरणविद् सह न्यू ह्यूमन फाउंडेशन के डॉ. सत्यप्रकाश, भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता सहित बतौर अतिथि क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, हज़ारीबाग रविंद्र नाथ मिश्रा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, हज़ारीबाग पूर्वी विकास कुमार उज्जवल, वन प्रमंडल पदाधिकारी, हज़ारीबाग पश्चिमी मौन प्रकाश एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, वन्यप्राणी प्रमंडल, हज़ारीबाग सूरज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग सम्मिलित हुए और सबों ने अपने हिस्से का एक पौधा भी लगाया। सांसद मनीष जायसवाल ने खुद अपने हिस्से का फलदार पौधा लगाया। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक दिनचर्या का मूल दायित्व होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें सभी को आज पर्यावरण दिवस के दिन पर्यावरण के संरक्षण, संवर्द्धन एवं विकास के लिए हमें न सिर्फ़ संकल्प लेना चाहिए। अन्य सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण एवं प्रकृति के संरक्षण का महत्त्व रेखांकित किया तथा प्लास्टिक उपयोग में कटौती और जनमानस में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर वसुधा कल्याण फाउंडेशन द्वारा एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोकनृत्य और गीतों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, छात्रों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का एक प्रेरणास्रोत बन गया।
