पर्यावरण का ध्यान रखना हमारी जिम्मेवारी, सभी को मिलकर करना चाहिए पर्यावरण का संरक्षण : कल्पना सोरेन
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सर जे सी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में पौधारोपण-सह-मेघा सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक, गांडेय कल्पना मुर्मू सोरेन, गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, उपविकास आयुक्त स्मृता कुमारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके साथ ही झारखंड के टॉप 5 छात्रों में शामिल सर जे सी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉप 3 टॉपर्स सहित अन्य मेघा सूची में शामिल छात्राओं को विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन द्वारा पारितोषिक एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधायक, कल्पना मुर्मू सोरेन, गिरिडीह उपायुक्त, रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबंधित करते हुए विधायक, गांडेय, कल्पना मुर्मू सोरेन ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाना हम सभी की जिम्मेवारी है और हम सभी को इसका ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो सपना लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत कि था, आज उसका परिणाम मिल रहा है। आज इस विद्यालय की बच्चियां पूरे झारखंड के टॉप 5 में अपना स्थान बनाई है, जो उनके लगन और मेहनत के साथ साथ विद्यालय के शिक्षकों और सभी के मेहनत को दर्शाता है। कहा कि पौधे और बच्चे दोनों एक सामान होते हैं, दोनों को बड़े करने के लिए मेहनत, समय और देख रेख की जरूरत होती। दोनों की जितनी अच्छी देख रेख की जाएगी आगे चलकर उतने ही अच्छे परिणाम आएंगे। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण करना सार्थक हुआ है। इस विद्यालय में छात्रों को सीबीएसई पैटर्न से आधारित शिक्षा दी जा रही है, जो गरीब बच्चों के लिए सपना था। आज इसी का असर है कि यहां की बच्चियां पूरे झारखंड में अपना परचम लहरा रही है और अच्छे अंक लाकर विद्यालय के साथ साथ पूरे परिवार का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय की शिक्षा को और भी दुरुस्त करते हुए विद्यालय को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को बधाईयां देते हुए वातावरण को स्वच्छ रखने और प्रकृति के संरक्षण की दिशा में कार्य करने को कहा। मौके पर उपरोक्त के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी समेत जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित थे। इसके साथ ही आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी कार्यालयों एवं प्रखंडों में पौधारोपण कार्यक्रम करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
