संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, पाकुड़ नगर:
लोकमाता एवं पुण्यश्लोक की उपाधि से सम्मानित न्यायप्रिय शासिका अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार देर शाम भाजपा पाकुड़ जिला इकाई की ओर से अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष सह महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत उपस्थित थे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री अशोक भगत ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर एक महान नारी थीं, जिनका जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने साबित किया कि एक महिला भी कुशल प्रशासक और धर्मनिष्ठ शासक हो सकती है।
जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कहा कि अहिल्याबाई की न्यायप्रियता अद्वितीय थी। उन्होंने अपने पुत्र को भी अन्यायपूर्ण आचरण के लिए दंडित किया। उनके शासन में भ्रष्टाचार नहीं के बराबर था और वे स्वयं हर कार्य की निगरानी करती थीं।
प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का शासन पूरी तरह जनकल्याण और न्याय आधारित था। वहीं शर्मिला रजक ने उनके धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण में योगदान को याद किया।
अनुग्रहित प्रसाद साह ने बताया कि उन्होंने महिलाओं के अधिकारों को महत्व दिया और साहित्य व संगीत को संरक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन सपन कुमार दुबे ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, सरिता मुर्मू, धर्मेंद्र त्रिवेदी, शबरी पाल, दीपक साह, मनोरंजन सरकार, सोहन मंडल, सुशांत घोष, सुकुमार मंडल, प्राची चौधरी, अजीत रविदास, रतन भगत, तारा गुप्ता, मोहन मंडल, निधि गुप्ता, अरुण चौधरी, पिंकी मंडल, संजीव साह, सूरज भगत, अक्षय मंडल, सादेकुल आलम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
